राष्ट्रपति कोविंद : तकनीकी क्षेत्र मे विश्व में सबसे तेजी से बढ़ रहा अपना देश


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा कि अपने देश का नाम अब दुनिया के उन प्रमुख देशों में शुमार है, जहां तकनीकी के क्षेत्र में प्रतिभाशाली लोगों की कोई कमी नहीं है। कानपुर में प्रणवीर सिंह इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (पीएसआईटी) भौंती में आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि तकनीकी के माध्यम से भारत पूरी दुनिया में सबसे तेज और बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बनता जा रहा है।


हम उम्मीद करते हैं कि 2024-25 तक इस देश की अर्थव्यवस्था पांच ट्रिलियन डॉलर के लक्ष्य को प्राप्त कर लेगी। उन्होेंने कहा कि विज्ञान और तकनीक का राष्ट्रीय उद्देश्य को पूरा करने में विशेष योगदान रहा है। हम ऐसे वर्तमान विश्व में जी रहे हैं, जहां पर प्रत्येक क्षण तकनीक हमें आश्चर्यचकित करती है।



हम चौथी औद्योगिक क्रांति के युग में प्रवेश कर रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, थ्रीडी प्रिंटर और मेडिकल साइंस की खोज ने जीवन को सरल कर दिया है। राष्ट्रपति ने कॉन्फ्रेंस में मौजूद टेक्नोक्रेट्स को तकनीकी के क्षेत्र में आगे बढ़कर काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का प्रयोग वर्तमान में हर क्षेत्र में हो रहा है।

इससे कार्यों की गुणवत्ता के साथ अधिक संख्या में लोगों को लाभ मिल रहा है। तकनीक का प्रयोग उद्योग और शिक्षा के बीच की दूरी को कैसे कम कर सकता है, इसके लिए आधुनिकतम तकनीक को समझना होगा। इसमें क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी, डिजिटल फॉरेंसिक का विशेष योगदान है।