सुनसान रात के बाद महिला डॉक्टर की मिली जली हुई लाश, बहन को फोन करके बताया था कि मुझे डर लग रहा है

हैदराबाद में एक महिला पशु चिकित्सक की जली हुई लाश मिलने के बाद सनसनी मच गई है। महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म होने की आशंका भी जताई जा रही है। डॉक्टर की जली हुई लाश शहर के बाहरी इलाके शादनगर के अंडरपास के पास मिली थी। इस घटना के बाद लोगों में जबरदस्त आक्रोश है और सोशल मीडिया पर भी काफी उबाल है। 


जानकारी के अनुसार, हत्या से पहले पीड़िता ने अपनी बहन को फोन किया था। इसके बाद फोन बंद हो गया और उसकी जली हुई लाश पुलिस ने बरामद की। अब यहां के रंगारेड्डी इलाके के स्थानीय लोगों ने पीड़िता डॉक्टर को न्याय दिलाने के लिए कैंडिल मार्च निकालने का ऐलान किया है।

पुलिस दो लोगों से कर रही पूछताछ

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, डॉक्टर की हत्या की गुत्थी को सुलझाने के लिए हैदराबाद पुलिस ने एक लॉरी चालक और उसके सहायक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। दोनों ही आंध्रप्रदेश के अनंतपुर के रहने वाले हैं।

इसके अलावा पुलिस सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल भी खंगाल रही है। मौके पर पहुंचे स्थानीय डिप्टी कमिश्नर प्रकाश रेड्डी ने बताया कि महिला चिकित्सक की हत्या में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। सभी पहलुओं को देखते हुए जांच की जा रही है।

सियासी बयानबाजी 

अब इस मामले पर भी सियासी बयानबाजी शुरू हो गई है। तेलंगाना के गृह मंत्री मो. महमूद अली ने कहा कि हम इस घटना से दुखी हैं, पुलिस अलर्ट है और अपराध को नियंत्रित कर रही है। दुर्भाग्यपूर्ण है कि उन्होंने 100 नंबर पर डायल करने की बजाय अपनी बहन को फोन किया। अगर ऐसा होता तो उन्हें बचाया जा सकता था। 



क्या है पूरा मामला



शमशाबाद के गाचीबोवली इलाके की रहने वाली पशु चिकित्सक बुधवार को कोल्लुरु स्थित पशु चिकित्सालय गई थीं। उन्होंने अपनी स्कूटी को शादनगर के टोल प्लाजा के पास पार्क कर दी थी। रात में जब वह लौटीं तो उन्हें स्कूटी पंक्चर मिली। इस पर उन्होंने अपनी बहन को फोन किया और बताया कि मुझे डर लग रहा है।

उनकी बात सुनकर बहन ने टोल प्लाजा जाने और कैब से आने की बात कही। वहीं पीड़िता ने बहन से यह भी कहा कि कुछ लोगों ने उसे मदद की पेशकश की है और थोड़ी देर बाद कॉल करने की बात कही। हालांकि इसके बाद से ही पीड़िता का मोबाइल फोन बंद हो गया।

परिजनों ने शादनगर टोल प्लाजा के आसपास पीड़िता की खोजबीन की, लेकिन वह कहीं नहीं मिली। अगली सुबह शादनगर के अंडरपास के पास उसकी जली हुई लाश मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मामले में पुलिस को यह जानकारी भी मिली है कि एक युवक महिला डॉक्टर की स्कूटी मैकेनिक शमशेर आलम के पास बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे छोड़ गया था। 




राष्ट्रीय महिला आयोग ने जताई नाराजगी



तेलंगाना में एक महिला पशु चिकित्सक की हत्या के इस मामले को लेकर राष्ट्रीय महिला आयोग ने अपनी नाराजगी जाहिर की है। आयोग अध्यक्ष रेखा शर्मा ने मीडिया से कहा कि ऐसा लगता है कि सड़कों पर भेड़िये खुले घूम रहे हैं, जो सिर्फ एक महिला पर झपटा मारने के लिए इंतजार कर रहे हैं।

पशु चिकित्सक की हत्या के दोषियों से जल्द गिरफ्तार कर उन्हें फांसी दी जानी चाहिए।उन्होंने यह भी कहा कि आयोग का एक सदस्य वहां जाएगा और पीड़ित परिवार की हरसंभव मदद करेगा। वह पुलिस के साथ समन्वय कर देखेगा की इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई हो।