नागा जी विद्यालय में आयोजित हुआ रजत जयंती महोत्सव

बलिया। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान जीवन की वर्तमान चुनौतियों का सामना करने वाली युगानुरूप शिक्षा के साथ-साथ भारतीय जीवन मूल्यों की शिक्षा संस्कारक्षम वातावरण में देने के कार्यक्रम में सतत प्रयासरत है। विद्या भारती के विद्यालयों में छात्र के सर्वांगीण विकास हेतु समय समय पर अनेक पाठ्येत्तर क्रियाकलापों को सम्पन्न कराया जाता है। आज का यह ''रजत जयंती महोत्सव'' भैया/ बहनों के क्रियाकलापों का एक लघु प्रदर्शन है। 


उक्त उद्गार कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय संगठन मंत्री पूर्वी उत्तर प्रदेश हेमचन्द्र जी ने व्यक्त किया। मुख्य अतिथि ने बताया कि विद्या भारती के विद्यालयों में शारीरिक शिक्षा, संगीत शिक्षा, नैतिक शिक्षा, व्यावसायिक शिक्षा के द्वारा छात्रों को देशभक्त नागरिक बनाने का कार्य निरन्तर चल रहा है। कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य विजय शंकर पाण्डेय व डॉ. लालता प्रसाद पाण्डेय तथा पूर्व प्रबन्ध समिति अरूण कुमार श्रीवास्तव, ईश्वरन श्री, राम विरेन्द्र राव, काशीनाथ तिवारी, जयप्रकाश नारायण सिंह एवं वर्तमान अध्यक्ष बलिया के मालवीय  जगदीश सिंह को अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह व गुलदस्ता देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम माँ वीणापाणि की वन्दना से प्रारम्भ होकर राष्ट्रगीत वन्देमातरम् से सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में एकल गीत, समूह गीत, काव्यावली, कवि सम्मेलन, समूह नृत्य, प्रहसन, एंकाकी आदि का सफल मंचन हुआ।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरक्ष प्रान्त के सह प्रान्त कार्यवाह विनय कुमार सिंह ने अपने कुशल मार्गदर्शन के द्वारा भैयागण को प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि छात्रों को बहुमुखी प्रतिभा का धनी होना चाहिए। प्रसन्नता है कि विद्यालय लागातार अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ते हुये पूर्वांचल का एक ख्यातिलब्ध विद्यालय बन गया है। कार्यक्रम में विद्यालय द्वारा प्रकाशित पत्रिका ''प्रेरणा'' का विमोचन अतिथि गण द्वारा किया गया।


कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष जगदीश सिंह ने किया। कार्यक्रम में शिशु शिक्षा समिति, गोरक्ष प्रान्त के प्रदेश निरीक्षक कमलेश कुमार सिंह, मंत्री अक्षय कुमार ठाकुर, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के विभाग प्रचारक श्रीप्रकाश जी, जिला संघचालक भृगु जी, सह संघचालक डॉ. विनोद सिंह, जिला कार्यवाह हरनाम सिंह, जय प्रकाश नारायण सिंह, विजय बहादुर सिंह, संजय शुक्ल, अनिल कुमार सिंह तथा नगर के सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्य आदि उपस्थित रहे।