वृद्धजनो का नियमित रूप से स्वास्थ्य परीक्षण भी कराये जाने का जिलाधिकारी ने दिया निर्देष।
कौशाम्बी। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित सम्राट उदयन सभागार में वृद्धजन आश्रम के सुचारू रूप से संचालन हेतु गठित अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गयी।
बैठक में माता- पिता एंव वरिष्ट नागरिकों के भरण-पोषण योजना के अर्न्तगत पात्र एंव इच्छुक वृद्धजन को वृद्धा आश्रम निवास हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार करने, वृद्धजनो के स्वास्थ्य सम्बन्धी कठिनाईयों के निराकरण तथा प्रत्येक ग्राम में वृद्धजन का पंजीकरण तथा उनकी आम समस्याओं एंव शारीरिक कठिनाईयों के निवारण हेतु जन सम्पर्क किये जाने हेतु, थाना स्तर पर वृद्धजनों की सूची संरक्षित करते हुए नियमित गस्त के दौरान उनके हाल-चाल और कठिनाईयों के बारे में जानकरी प्राप्त करने, सरकारी चिकित्सालयों में वृद्धजनों को लाइन नहीं लगाने के हेतु व्यवस्था करने तथा वृद्धाजन आश्रम में समय-समय पर विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परीक्षण तथा उपचार किये जाने सहित अन्य बिन्दुओं पर विस्तार से विचार विमर्श किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को वृद्धजन आश्रम में प्रत्येक सप्ताह चिकित्सकों को भेजकर वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एंव उपचार कराये जाने का निर्देष दिया है।
जिलाधिकारी ने संचालित वृद्धजन आश्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार कराये जाने के लिए कहा है, जिससे कि लोगों को उसके बारे में जानकारी हो सके तथा इच्छुक वृद्धजन आश्रम में आकर सुविधा पूर्ण ढंग से रह सकें। जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, खण्ड विकास अधिकारियों को क्षेत्र भ्रमण के दौरान ऐसे वृद्धजनों को चिन्हित करने तथा उनको वृद्धजन आश्रम में रहने के लिए प्रेरित करने के लिए कहा।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को ऐम्बूलेन्स खाली समय में वृद्धजन आश्रम के पास ही खडी कराये जाने के लिए कहा। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी इन्द्रसेन सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ पीएन चतुर्वेदी, परियोजना निदेषक, जिला विकास अधिकारी विजय कुमार, समाज कल्याण अधिकारी सुधीर कुमार, वृद्धजन आश्रम के संरक्षक आलोक राय सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहें।