कांग्रेस नेता का 6100 रुपये का कटा चालान, प्रियंका गांधी को स्कूटी से ले जा रहे थे


प्रियंका गांधी को पीछे बैठाकर स्कूटी चला रहे कांग्रेस कार्यकर्ता का लखनऊ पुलिस ने चालान काट दिया है। उनपर पुलिस ने 6100 रुपये का जुर्माना लगाया है। शनिवार को प्रियंका गांधी लखनऊ में रिटायर्ड आईपीएस अफसर एसआर दारापुरी के परिजनों से मिलने उनके घर पहुंची थीं।  


बता दें कि प्रियंका गांधी शनिवार को दारापुरी के परिजनों से मिलने जा रही थीं लेकिन लोहिया पार्क पर पुलिस ने उनके काफिले को रोक दिया और आगे जाने की अनुमति नहीं दी। जिस पर प्रियंका ने अपनी गाड़ी छोड़ दी और पैदल आगे बढ़ गईं। उनके साथ मौजूद कांग्रेसी भी पीछे-पीछे चल दिए।

करीब 150 मीटर चलते हुए वह हाईकोर्ट के पुल पर पहुंची तो एक कांग्रेस कार्यकर्ता स्कूटी लेकर आ गया। प्रियंका झट से उसकी स्कूटी पर बैठ गईं और आगे चलने को कहा। कार्यकर्ता उन्हें स्कूटी पर बैठाकर फर्राटा भरने लगा। उधर, पुलिस के पसीने छूट गए। एएसपी ट्रैफिक पूर्णेंदु सिंह और एएसपी क्राइम दिनेश पुरी अवाक रह गए।

वायरलेस सेट खड़खड़ाने लगे। मैसेज दिया गया कि प्रियंका गांधी स्कूटी से पॉलीटेक्निक चौराहा की तरफ निकली हैं। अलीगंज सीओ अवनीश्वर चंद्र श्रीवास्तव किसी की बाइक लेकर उनके पीछे दौड़ पड़े। गाजीपुर और गुडंबा समेत कई थानों की पुलिस ने भी अपने वाहन दौड़ाए। तब तक प्रियंका गांधी की स्कूटी पॉलीटेक्निक चौराहा पहुंच चुकी थी। सड़क पर प्रियंका गांधी को स्कूटी से दौड़ते देख चौराहा पर मजमा लग गया। उस वक्त चौराहे पर इक्का-दुक्का पुलिसकर्मी ही मौजूद थे। प्रियंका को देखकर पलभर में ट्रैफिक जाम हो गया। चौराहा पार करते हुए प्रियंका की स्कूटी कलेवा तिराहा से रिंग रोड होते हुए मुंशी पुलिया पहुंच गई। इस दौरान लोगों ने अपने वाहन प्रियंका की स्कूटी के पीछे लगा दिए।

यहां से प्रियंका खुर्रमनगर वाली सड़क से इंदिरानगर सेक्टर 18 में रिटायर्ड आईपीएस दारापुरी की तरफ मुड़ गईं। लोगों से पूछ-पूछकर प्रियंका गांधी तो दारापुरी के घर पहुंच गईं लेकिन पीछे आ रही पुलिस और उनका एस्कॉर्ट रास्ता भटक गया। प्रियंका के पीछे-पीछे पुलिस की एक टीम दारापुरी के घर आ गई और आला अधिकारियों को सूचना दी। उनके सकुशल होने की जानकारी के बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। कुछ देर दारापुरी के घर बिताने के बाद प्रियंका गांधी एक निजी वाहन से लौट गईं।


प्रियंका और स्कूटी चालक ने नहीं पहना था हेलमेट



प्रियंका गांधी और स्कूटी चला रहे कांग्रेस के कार्यकर्ता ने यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा दीं। न ही स्कूटी चालक हेलमेट लगाए था न प्रियंका गांधी ने हेलमेट पहना था। दोनों को बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन पर सवारी करते देख लोगों ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी बनाए। सोशल मीडिया पर भी प्रियंका गांधी को बिना हेलमेट स्कूटी पर बैठने पर खूब ट्रोल किया गया।


स्कॉर्ट के पीछे लगी रही आधी पुलिस



प्रियंका गांधी जब स्कूटी पर बैठकर फुर्र हो गईं तो उनका एस्कॉर्ट पीछे भागा। हालांकि, एस्कॉर्ट उन्हें पकड़ नहीं सका। उधर, पुलिस की कई टीमें एस्कॉर्ट के वाहनों के पीछे लगी रहीं। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि एस्कॉर्ट के पीछे यह सोचकर लगे थे कि शायद उन्हें प्रियंका गांधी की सही लोकेशन पता होगी। हालांकि, बाद में पता चला कि एस्कॉर्ट खुद ही भटक रहा था।





Popular posts
केरल के पलक्कड़ में रविवार को फुटबॉल मैच शुरू होने से ठीक पहले एक स्टेडियम की अस्थायी दीर्घा गिरने से करीब 50 लोग घायल
Image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के टीके के विकास कार्य की समीक्षा के लिए शनिवार को अहमदाबाद, हैदराबाद और पुणे का किया दौरा
Image
शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने किया राजकीय इंटर कॉलेज में खेल महाकुंभ का उद्घाटन
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में सीबीआई कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में देगा चुनौती
Image
हरिद्वार में 2021 में प्रस्तावित महाकुंभ का स्वरूप भव्य और दिव्य होने का दिया संकेत
Image