तेजी से फैल रहे कोरोनावायरस से चीन में हाहाकार मचा : तीन शहर पूरी तरह बंद, दो करोड़ लोगों के बाहर निकलने पर रोक


तेजी से फैल रहे कोरोनावायरस से चीन में हाहाकार मच गया है। बीमारी को रोकने के लिए आपात कदम उठाते हुए वुहान समेत तीन शहरों को पूरी तरह बंद कर दिया गया है। वुहान, हुआंग्गांग और इजोऊ में सिटी बसों सहित सार्वजनिक यातायात के सभी साधन, सब-वे, नाव, ट्रेन और हवाई जहाज सेवाएं बंद कर दी गई हैं।
 

नागरिकों को आगाह किया गया है कि बिना महत्वपूर्ण वजह बताए शहर न छोड़ें। ऐसा करते हैं तो उन्हें सजा दी जाएगी। इस पाबंदी से करीब दो करोड़ लोग अपने-अपने शहरों में कैद हो गए हैं। चीन के हुबेई प्रांत के इन तीन शहरों में इस खतरनाक वायरस से 18 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, 571 लोग गंभीर रूप से बीमार हैं।

हेबेई प्रांत में एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि


चीन प्रशासन ने हुबेई प्रांत से दूर हेबेई में कोरोनावायरस से एक व्यक्ति की मौत की पुष्टि की है। अभी तक इस वायरस के कारण जितनी भी मौतें हुई हैं वो हुबेई प्रांत में ही हुई थीं। माना जा रहा है कि हुबेई से ही यह वायरस अन्य जगहों पर फैला है।

बीजिंग से लगे उत्तरी हेबेई प्रांत में स्वास्थ्य आयोग ने एक बयान में कहा कि 22 जनवरी को वायरस से प्रभावित 80 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई। हेबेई प्रांत में मौत के साथ चीन में इस वायरस के कारण अब तक 18 लोगों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है।

वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयास शुरू


वहीं दुनियाभर में इस वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रयास शुरू हो गए हैं। अब तक अज्ञात रहे इस वायरस को किसी जंगली जीव या उसके मांस से मानवों में फैलने की आशंका भी जताई गई है। सबसे पहले वुहान शहर को बंद करने का आदेश दिया गया। इसके बाद यहां से करीब 70 किमी दूर मौजूद हुआंग्गांग को बंद किया गया। 

ऐसे ही आदेश इजोऊ के लिए दिए गए। इन शहरों के मुख्यालयों ने नोटिस में कहा है कि ऐसा कोरोनावारयस से हो रहे निमोनिया को रोकने और इलाज करने के लिए किया गया है। लोगों से घर से निकलने पर मास्क लगाने को कहा गया है। यह नोटिस लागू होने के समय से केवल एक घंटे पहले नौ बजे जारी किया गया। 

इसमें सरकारी कर्मचारियों व सुरक्षा कार्यों में लगे लोगों को भी सार्वजनिक स्थलों पर मास्क पहनने के लिए कहा गया है। वुहान ट्रांसपोर्ट हब, हनकोऊ रेलवे स्टेशन आदि बंदकर दिए गए हैं। हमेशा भीड़ से भरे रहने वाले यह स्थान सूनसान हो चुके हैं। रोक का पालन करवाने के लिए राजमार्गों पर सुरक्षा बलों को लगा दिया गया है।

 



पर्यटन पर आठ फरवरी तक रोक



चीन में शुक्रवार से ‘चंद्र नव वर्ष’ त्यौहार शुरू हो रहा है, और इनकी छुट्टियां चल रही हैं। इस दौरान देश भर से करोड़ों लोग अपने घर व सैर-सपाटे वाली जगहों पर आते-जाते हैं। नई रोक से वे भी प्रभावित होंगे। 

वुहान के पर्यटन अधिकारियों ने सभी क्षेत्रीय एजेंसियों को 22 जनवरी से आठ फरवरी तक सभी तरह के पर्यटन पर रोक लगाने के लिए कहा है। विदेशों से आ रहे सभी ग्रुप टूर भी 30 जनवरी तक रद कर दिए गए हैं, पैसा लौटाने को कहा गया है। पांच सितारा होटलों को चेताया गया है कि वे आठ फरवरी तक अपने सभी आयोजन रद कर दें।

हांगकांग से लेकर यूएस तक में मिले मामले


इस बीच कई अन्य देशों में भी कोरोनावायरस मिलने की पुष्टि हुई है। थाईलैंड में चार, और अमेरिका, ताइवान, जापान, कोरिया गणराज्य में एक-एक केस मिले हैं। हांगकांग और मकाओ में भी कई मरीज मिले हैं।



आगे पढ़ें

Popular posts
केरल के पलक्कड़ में रविवार को फुटबॉल मैच शुरू होने से ठीक पहले एक स्टेडियम की अस्थायी दीर्घा गिरने से करीब 50 लोग घायल
Image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के टीके के विकास कार्य की समीक्षा के लिए शनिवार को अहमदाबाद, हैदराबाद और पुणे का किया दौरा
Image
शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने किया राजकीय इंटर कॉलेज में खेल महाकुंभ का उद्घाटन
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में सीबीआई कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में देगा चुनौती
Image
हरिद्वार में 2021 में प्रस्तावित महाकुंभ का स्वरूप भव्य और दिव्य होने का दिया संकेत
Image