मुख्यमंत्री ने सोमवार को बांगरमऊ में आयोजित कार्यक्रम में जिले में स्थापित 72 करोड़ लागत की 44 परियोजनाओं का किया लोकार्पण


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बांगरमऊ में आयोजित कार्यक्रम में जिले में स्थापित 72 करोड़ लागत की 44 परियोजनाओं का लोकार्पण और 21 करोड़ की 148 योजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि उन्नाव जिले को विकास के क्षेत्र में उसका पूरा हक मिलेगा।


अपने संबोधन में उन्होंने सरकार की उपलब्धियां गिनाईं साथ ही कांग्रेस व विपक्षी दलों पर हमला बोला। कहा कि कृषि बिल से प्रधानमंत्री देश के किसानों की आमदनी दोगुनी, एक देश एक बाजार और किसानों को आत्मनिर्भर बना रहे हैं तो कुछ स्वार्थी लोग किसानों को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं।
कहा कि लोकसभा चुनाव के समय जिस राफेल पर सवाल उठाए जा रहे थे वह आज देश की सेना को मिला तो चीन भी थर थर कांप रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास ना कोई काम है न कोई मुद्दा। कटाक्ष करते हुए कहा खाली दिमाग, शैतान का घर होता है।
बांगरमऊ तहसील के दुल्लापुर गांव के पास स्थित एक राइसमिल मैदान में आयोजित सभा में मुख्यमंत्री ने बांगरमऊ-संडीला मार्ग का नामकरण शहीद सातन पासी के नाम पर, फतेहपुर चौरासी स्वास्थ्य केंद्र का नाम क्रांतिकारी गुलाब सिंह लोधी के नाम पर करने और यहां शहीद की प्रतिमा लगवाने की भी घोषणा की।
रसूलपुर रूरी स्थित राजकीय विद्यालय का नाम विशंभर दयालु त्रिपाठी के नाम पर करने की भी घोषणा की। सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए विपक्ष को जोरदार जवाब दिया। कहा कि सरकार ने तीन साल के कार्यकाल में 3 लाख युवाओं को सरकारी क्षेत्र में नौकरी दी।


इसमे में पूरी पारर्दिशता बरती गई। 20 लाख से अधिक बेरोजगारों को निजी क्षेत्र में नौकरी व रोजगार से जोड़ा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कहा कि जनता को निरोगी बनाने के लिए शुद्ध पेयजल की आवश्यकता होती है। हम इसके लिए प्रतिबद्ध हैं। हर घर को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने का काम शुरू कर दिया गया है।


पहले चरण में बुंदेलखंड को लिया गया है। यहां लोग पानी की वजह से पलायन को मजबूर थे। घोषणा की कि अगले चार साल में प्रदेश के हर जिले में हर घर तक शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। दोपहर 12 बजे पहुंचे मुख्यमंत्री ने अपने 45 मिनट के भाषण में केंद्र व प्रदेश सरकारी की उपलब्धियां गिनाने के साथ ही, विपक्षी दलों को सभी प्रमुख बिंदुओं पर घेरा।


ग्राम पंचायतों को बना रहे आत्मनिर्भर
प्रधानमंत्री आत्मनिर्भर भारत योजना के तहत ग्राम पंचायत में मिनी सचिवालयों का निर्माण कराकर प्रत्येक गांव को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इन मिनी सचिवालयों में ऐसी व्यवस्था की जाएगी कि गांव के लोगों की हर जरूरत का काम गांव में ही हो जाए। मिनी सचिवालयों को इंटरनेट से जोड़कर बैंकिंग, आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र सहित आनलाइन शिकायत, बिजली का बिल जमा करने की सुविधा व अन्य सेवाएं आनलाइन मिल सकेंगी और इससे इन्ही गांव के 3 से 5 युवाओं को रोजगार भी मिलेगा।
गिनाई सरकार की उपलब्धियां
कहा कि पिछली सरकारों ने जंगलराज व अराजकता को बढ़ावा दिया था जिसके कारण प्रदेश पूरे देश में बदनाम हो गया था। हमारी सरकार बनने के बाद मात्र तीन वर्षों में काफी सुधार हुआ। माफिया और गुंडाराज समाप्त हुआ है। कहा कि इन तीन वर्षों में स्वास्थ्य सेवाओं में विस्तार हुआ है। 1947 से 2017 तक प्रदेश में कुल 12 मेडिकल कालेज थे। वर्तमान में 29 मेडिकल कॉलेज व दो एम्स बन रहे हैं। आने वाले दिनों में और बनेंगे। जनता को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।


कहा दो गज दूरी, मॉस्क जरूरी
मुख्यमंत्री ने कहा कि करोना से जंग लड़ते 6 महीने बीत गए और आने  वाले 6 महीने भी चुनौतीपूर्ण होंगे। प्रधानमंत्री के संदेश को दोहराते हुए कहा कि दो गज दूरी औैर मास्क बहुत जरूरी है। कहा कि कोरोना की यह लड़ाई देश की है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता जरूरी है।


जिसे भी परेशानी हो वह अस्पताल जाकर खुद जांच कराए। अगर रिपोर्ट पॉजिटिव आए तो संपर्कियों की भी जांच कराएं। सावधानी हर स्तर पर बरतनी होगी। लॉकडाउन के समय प्रवासियों की मदद के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने मिसाल पेश की है। किसी ने भोजन दिया तो किसी ने चप्पल पहनाई। प्रवासियों की जिस तरह सेवा की है उसकी जितनी तारीफ की जाए कम है। साबित कर दिया है कि भाजपा संगठन केवल सत्ता के लिए नहीं बल्कि जनसेवा भी उसका धर्म है।
पिछली सरकार में बिजली मायके में रहती थी: विधानसभा अध्यक्ष
विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने संगठन के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने क्षेत्र विशेष के लिए काम किया। चुटकी लेते हुए कहा कि 2017 से पहले बिजली 24 घंटे अपने मायके यानी इटावा की तरफ ही रहती थी। लेकिन अब प्रदेश के हर जिले को समान तरीके से मिल रही है।


प्रदेश सरकार सरकार सबका साथ सबका विकास की नीति पर काम कर रही है। सांसद साक्षी महाराज ने सरकार के काम की तारीफ की। उन्होंने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक पार्टी है।  टिकट मांगने का आधिकार सभी को है। हम सब की जिम्मेदारी है कि संगठन जिसे प्रत्याशी बनाए वही हमसब का प्रत्याशी है।


सभी उसे जिताने के लिए जी जान से जुट जाएं। सभा को सांसद साक्षी महाराज, प्रदेश के जल संसाधन मंत्री महेंद्र सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष संगीता सेंगर, विधायक पंकज गुप्ता, बंबालाल दिवाकर, ब्रजेश रावत, अनिल सिंह, एमएलसी अरुण पाठक ने भी संबोधित किया।


राज्य मंत्री सुरेश पासी, भाजपा संगठन के प्रदेश मंत्री शंकरलाल लोधी, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष श्रीकांत कटियार, अवधेश कटियार, ममता सिंह, पुनीत गुप्ता. बाला राव गुप्ता, ममता सिंह, शशांक शेखर सिंह, विमल द्विवेदी, किरन सिंह समेत जिले के सभी मंडल, सेक्टर व बूथ प्रभारी मौजूद रहे। अध्यक्षता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजकिशोर रावत ने और संचालन शशिप्रभा द्विवेदी ने किया। डीएम रवींद्र कुमार ने आभार व्यक्त किया।


Popular posts
केरल के पलक्कड़ में रविवार को फुटबॉल मैच शुरू होने से ठीक पहले एक स्टेडियम की अस्थायी दीर्घा गिरने से करीब 50 लोग घायल
Image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के टीके के विकास कार्य की समीक्षा के लिए शनिवार को अहमदाबाद, हैदराबाद और पुणे का किया दौरा
Image
शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने किया राजकीय इंटर कॉलेज में खेल महाकुंभ का उद्घाटन
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में सीबीआई कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में देगा चुनौती
Image
हरिद्वार में 2021 में प्रस्तावित महाकुंभ का स्वरूप भव्य और दिव्य होने का दिया संकेत
Image