विधानसभा की सात सीटों पर होने वाले उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के चयन


विधानसभा की सात सीटों पर होने वाले उप चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों के चयन के लिए प्रदेश चुनाव समिति ने प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह को अधिकृत किया है। पार्टी मुख्यालय में बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में हुई समिति की बैठक में सभी सात सीटों पर दावेदारों के नाम पर मंथन किया गया। 


बैठक में प्रमुख दावेदारों के नामों पर मंथन के बाद तीन-तीन नामों का पैनल तैयार कर केंद्रीय चुनाव समिति को भेजने का निर्णय किया गया। चुनाव समिति ने पैनल तैयार करने के लिए प्रदेश अध्यक्ष को अधिकृत किया है। बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री चेतन चौहान, पूर्व मंत्री कमला रानी वरुण, पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही व कुलदीप सिंह सेंगर की सीट पर उनके परिजनों की दावेदारी पर भी विचार हुआ। तय किया गया कि जौनपुर की मल्हनी सीट पर भाजपा ही चुनाव लड़ेगी। पार्टी गठबंधन में निषाद पार्टी को यह सीट नहीं देगी। बता दें, निषाद पार्टी ने भाजपा से यह सीट मांगी थी।
   
पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह सिरोही के निधन से खाली हुई बुलंदशहर सीट पर उनके बेटे दिग्विजय और विनय ने दावेदारी की है। यहां से रवींद्र राजौरा, प्रताप चौधरी, सुंदरपाल तेवतिया, जगदीश दहिया और प्रो. राजीव सिरोही भी दावेदार हैं। टूंडला के पूर्व विधायक और आगरा के सांसद एसपी सिंह बघेल अपनी सीट से बेटी सलोनी के लिए टिकट मांग रहे हैं। यहां से पूर्व विधायक शिवसिंह चक और आगरा की पूर्व महापौर अंजुला माहौर भी दावेदार हैं। उम्रकैद की सजा काट रहे उन्नाव के बांगरमऊ के पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर की पत्नी संगीता सेंगर टिकट मांग रही है। इस सीट पर जिलाध्यक्ष श्रीकांत कटियार भी दावेदार हैं।


देवरिया से पूर्व विधायक जन्मेजय सिंह के बेटे अजय प्रताप सिंह भी प्रमुख दावेदार हैं। इसके अलावा पूर्व सांसद श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के बेटे शशांक मणि त्रिपाठी, डॉ. अभय मणि त्रिपाठी सहित अन्य दावेदार हैं। बैठक में उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल, प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर, सलिल विश्नोई सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे। 
 
घाटमपुर सीट पर भी पेच  
पूर्व कैबिनेट मंत्री कमला रानी वरुण के निधन से खाली हुई कानपुर नगर की घाटमपुर सीट पर उनकी बेटी स्वप्निल ने  दावेदारी की है। यहां से राष्ट्रपति रामनाथ कोबिंद के रिश्तेदार पंकज, भरथना की विधायक सावित्री कठेरिया के बेटे धीरेंद्र कठेरिया, रामलखन रावत, प्रदेश मंत्री देवेश कोरी और गीता सोनकर भी प्रबल दावेदार हैं। वहीं, पूर्व मंत्री चेतन चौहान के निधन से खाली हुई अमरोहा की नौगांव सादात सीट से उनकी पत्नी संगीता चौहान, पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल सहित कई दावेदार हैं। 


Popular posts
केरल के पलक्कड़ में रविवार को फुटबॉल मैच शुरू होने से ठीक पहले एक स्टेडियम की अस्थायी दीर्घा गिरने से करीब 50 लोग घायल
Image
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस के टीके के विकास कार्य की समीक्षा के लिए शनिवार को अहमदाबाद, हैदराबाद और पुणे का किया दौरा
Image
शहर विधायक प्रदीप बत्रा ने किया राजकीय इंटर कॉलेज में खेल महाकुंभ का उद्घाटन
ऑल इंडिया मुस्लिम पर्सनल लॉ बोर्ड बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में सीबीआई कोर्ट के फैसले को हाईकोर्ट में देगा चुनौती
Image
हरिद्वार में 2021 में प्रस्तावित महाकुंभ का स्वरूप भव्य और दिव्य होने का दिया संकेत
Image