आजादी जन्मसिद्ध अधिकार, इसे छीनने वाले नष्ट हो जाएंगे हिटलर की तरह: रामगोविंद चौधरी

लखनऊ। नेता प्रतिपक्ष उत्तर प्रदेश रामगोविन्द चौधरी ने कहा कि जंगे आजादी के दौरान अंग्रेज भी आजादी की लड़ाई लड़ने वालों को आतंकी बोलते थे। उनके वंशज या उनका साथ देने वालों के वंशज आजादी आजादी बोलने वालों को देश द्रोही बोल रहे हैं तो बुरा मत मानिए। इनकी उलटी गिनती शुरू हो गई है। इसलिए बड़बड़ा रहे हैं।


नेता प्रतिपक्ष उत्तर प्रदेश श्री चौधरी ने कहा है कि समाजवादी आंदोलन का इतिहास संघर्ष का है। इतिहास साक्षी है। देश जब आजाद हुआ तो सब लोग सत्ता की ओर दौड़ रहे थे तो समाजवादियों ने सत्ता को ठोकर मारकर संघर्ष का रास्ता चुन लिया। आपातकाल में जब बहुत से लोग और कथित महान संगठन श्रीमती इंदिरा गाँधी को समर्थन की चिठ्ठी लिख रहे थे तो समाजवादी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के लिए जेल काट रहे थे। आज भी समाजवादी अखिलेश यादव के नेतृत्व में आर्थिक और सामाजिक गैरबराबरी के विरोध में समता के लिए, इंसाफ के लिए संघर्ष कर रहे हैं। अपराध की दुनियां से राजनीति में आये लोग अखिलेश यादव को धमकी देकर इस संघर्ष से डिगा नहीं सकते हैं।


नेता प्रतिपक्ष उत्तर प्रदेश श्री चौधरी ने कहा है कि आजादी इस देश के सभी लोगों का जन्मसिद्ध अधिकार है। इसे छीनने की कोशिश करने वालों को उसी तरह से जाना होगा, जैसे हिटलर गया। फिर आजादी के दुश्मनों की तीन पीढियां आजादी के दुश्मनों को कोसेंगी।