पुलिस पर 7 महिलाओं समेत 10 ने किया हमला, सभी गिरफ्तार

प्रयागराज (यूपी), 13 अप्रैल। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के एक गांव में संपत्ति विवाद को लेकर एक पुलिस दल पर हमला करने के आरोप में सात महिलाओं और तीन अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 


बीकापुर गांव में शनिवार देर रात हुई इस घटना के दौरान महिलाओं ने कथित रूप से एक कांस्टेबल का गला घोंटने की कोशिश की। 


सराय इनायत के इंस्पेक्टर एसके पांडेय ने कहा, “पुलिस रिस्पांस व्हीकल (पीआरवी) पर तैनात तीन पुलिसकर्मियों की एक टीम को जानकारी मिली कि दो परिवारों की महिलाएं एक संपत्ति विवाद पर लड़ रही हैं।”


उन्हें बताया गया था कि महिलाएं एक-दूसरे पर ईंट फेंक रही थीं इसलिए मामले को संभालने के लिए वे तत्काल वहां पहुंचे। 


पुलिसकर्मियों ने महिलाओं को शांत करने की कोशिश की। तभी दो आरोपियों दीपक और भोला यादव ने महिलाओं को उकसाया, जिन्होंने पुलिस टीम पर ईंट और पत्थरों से हमला कर दिया। हमले में एक कांस्टेबल ज्ञान प्रकाश यादव घायल हो गए। 


कथित रूप से अनियंत्रित भीड़ ने इस कांस्टेबल को पकड़ लिया और उसका गला घोंटने की कोशिश की। 


अन्य ग्रामीणों द्वारा इस बात की सूचना दिए जाने के बाद, चार पुलिस स्टेशनों सराय इनायत, फूलपुर, बहरिया और थरवई से बल मौके पर पहुंचे और उन्होंने पुलिसकर्मियों को बचाया। घायल कांस्टेबल को इलाज के लिए हनुमानगंज के एक अस्पताल में भतीर् कराया गया है। 


घायल कांस्टेबल की शिकायत के आधार पर, रविवार को 1० नामजद और पांच अन्य के खिलाफ सराय इनायत पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। 


आरोपियों पर भारतीय दंड संहिता की धारा 147 (दंगा करने का दोषी), 148 (दंगाई, घातक हथियारों से लैस), 323 (स्वेच्छा से चोट पहुंचाने वाले), 504 (आपराधिक धमकी), 326 (भयंकर चोट पहुंचाने वाले), 353 (एक लोक सेवक पर हमला), 342 (गलत कारावास), 307 (मारने का प्रयास), 332 (किसी भी व्यक्ति को सार्वजनिक सेवक होने के कारण आहत करना) और 188 (नियमों का उल्लंघन) और आपराधिक संशोधन अधिनियम की धारा 7 के तहत आरोप लगाए गए हैं। 


आरोपियों की पहचान पूजा यादव, नीलम यादव, रिंकू यादव, सुनीता यादव, पूनम यादव, प्रभाती, कमलेश देवी और दीपक यादव और संजय यादव के रूप में हुई है, जो कि सभी बीकापुर के रहने वाले थे।