रामजन्मभूमि निर्माण निधि महाअभियान के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला, भाजपा नेताओं की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने केस दर्ज

 


रामजन्मभूमि निर्माण निधि महाअभियान के नाम पर फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। कुछ लोग इससे संबंधित निधि प्राप्त रसीद की कलर फोटोकॉपी कराते मिले। टोकने पर रसीद छोड़कर भाग खड़े हुए। भाजपा नेताओं की तहरीर पर सिविल लाइंस पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 


भाजपा पदाधिकारियों ने बताया कि उन्हें मामले की जानकारी तब हुई जब भाजपा जिला यमुनापार के मीडिया प्रभारी दिलीप चतुर्वेदी सिविल लाइंस स्थित दुकान पर पहुंचे।



शनिवार शाम छह बजे के करीब जब वह पहुंचे तो वहां कुछ लोग राममंदिर निर्माण निधि की कलर फोटोकॉपी कराते मिले। उन्होंने रसीद छीनकर फोटोकॉपी कराने की वजह पूछी तो वह व्यक्ति दुकान से भाग निकला।


इसके बाद मामले की जानकारी अन्य पदाधिकारियों को हुई तो थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। सिविल लाइंस इंस्पेक्टर ने बताया कि महाअभियान के जिला संयोजक जयसिंह पटेल की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ  धोखाधड़ी के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।